बिहार के जमुई में EOU ने संगठित अपराध केस में जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और पूर्व MLC प्रत्याशी गुड्डू यादव के 24 ठिकानों पर छापेमारी की। कई दस्तावेज जब्त, कुछ लोग हिरासत में।
ए. आलम, जमुई।
बिहार के जमुई जिले में मंगलवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की ताबड़तोड़ कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी और उनके पति सह पूर्व MLC प्रत्याशी गुड्डू यादव से जुड़े कुल 24 ठिकानों पर EOU की विशेष टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की।
दोपहर बाद 3:00 बजे तक जारी इस व्यापक कार्रवाई में जमुई, सिकंदरा और खैरा क्षेत्र के 23 ठिकानों समेत पड़ोसी जिले शेखपुरा के एक ठिकाने पर सघन तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान जमीन से जुड़े कई दस्तावेज, वित्तीय अभिलेख और संदिग्ध सामान जब्त किए गए हैं। EOU की टीम कथित बेनामी संपत्तियों और संगठित अपराध के कोणों की गहनता से जांच कर रही है।

23 टीमों ने एक साथ बोला धावा, अफरा-तफरी का माहौल
कार्रवाई इतनी गुप्त और अचानक थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों की भारी तैनाती देखकर पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा।
छापेमारी के मुख्य केंद्र:
सिकंदरा: गुड्डू यादव के 2 आवास, उनके भाई ललन यादव के 2 आवास, करीबी प्रवीण मिश्रा का घर और एक पेट्रोल पंप।
जमुई शहर: बोधवन तालाब स्थित आवास, बिठलपुर और बोधवन तालाब स्थित शंभू यादव का घर, तथा भाई बबलू यादव का ठिकाना।
अन्य ठिकाने: खैरा प्रखंड के डुमरकोला स्थित गुड्डू यादव का ननिहाल और शेखपुरा के एकरामा गांव में करीबी अनुज यादव का घर।
करीबियों और रिश्तेदारों पर भी EOU का शिकंजा
EOU का दायरा केवल परिवार तक ही सीमित नहीं रहा। जांच एजेंसी ने कई अन्य करीबियों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी कर्मचारियों के ठिकानों को भी खंगाला, जिनमें शामिल हैं:
मकतब मुबारकपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक (सरकारी शिक्षक) शहनवाज अली
उप प्रमुख नैयर खान
सोनू यादव, रघुनंदन यादव, प्रमोद यादव (पंचमहुआ)
मनोज यादव (रामडीह), बबलू मिश्रा (मिसिरडीह)
विपिन यादव और छोटू यादव (खेंओसर, सिझौड़ी)
सूत्रों के अनुसार, सिझौड़ी पंचायत के खेंओसर गांव में छोटू यादव के घर से हथियार बरामद होने की चर्चा है, हालांकि EOU ने अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। पूछताछ के लिए बबलू यादव और प्रमोद यादव समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
EOU अधिकारी का आधिकारिक बयान
मामले की जानकारी देते हुए आर्थिक अपराध इकाई के एडिशनल एसपी कुमार इंद्र प्रकाश ने कहा:
आर्थिक अपराध इकाई थाना, पटना में संगठित अपराध से संबंधित कांड संख्या 14/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले के तहत मुख्य अभियुक्त गुड्डू यादव और अन्य संबंधित लोगों के जमुई स्थित 23 एवं अन्य ठिकानों पर 23 अलग-अलग टीमों का गठन कर एक साथ रेड की जा रही है। अब तक बड़ी संख्या में दस्तावेज जब्त किए गए हैं जिनकी जांच जारी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। पूरी कार्रवाई खत्म होने के बाद अंतिम रिपोर्ट साझा की जाएगी।
जिले भर में EOU की इस बड़ी कार्रवाई के निष्कर्ष पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
…………………………………………………………………………..
Jamui EOU Raid, Guddu Yadav Jamui, Dulari Devi Jamui Zila Parishad, Economic Offences Unit Bihar, EOU Patna Raid, Jamui News Update, Sikandra Raid News, Benami Property Jamui

