जमुई में फेसबुक पर स्कॉर्पियो बेचने का विज्ञापन देखकर आए युवक ने टेस्ट ड्राइव के बहाने गाड़ी चुरा ली। चंद्रदीप थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर गाड़ी बरामद की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर वाहन बेचने का विज्ञापन देना एक युवक को भारी पड़ गया। गाड़ी खरीदने के बहाने आए एक शातिर ठग ने टेस्ट ड्राइव का झांसा दिया और स्कॉर्पियो लेकर रफूचक्कर हो गया। हालांकि, जमुई पुलिस की तत्परता से महज कुछ ही घंटों के भीतर न सिर्फ चोरी हुई स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
टेस्ट ड्राइव के नाम पर दिया चकमा
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के रान्हन गांव निवासी दीपक कुमार (पिता- सुनील ठाकुर) ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी बेचने के लिए फेसबुक पर विज्ञापन डाला था। विज्ञापन देखकर अलीगंज निवासी नीतीश कुमार ने गाड़ी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई और मालिक से संपर्क किया। बातचीत के बाद नीतीश गाड़ी देखने और 'टेस्ट ड्राइव' लेने के बहाने पहुंचा। उसने अकेले गाड़ी चलाकर जांचने की बात कही और जैसे ही स्कॉर्पियो की चाबी हाथ में आई, वह गाड़ी लेकर फरार हो गया।
चंद्रदीप पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि गाड़ी चोरी होने का अहसास होते ही पीड़ित दीपक कुमार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंद्रदीप थाना पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया और घेराबंदी कर चोरी की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी नीतीश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ कार्रवाई में दारोगा रश्मि प्रभा और दारोगा विकास कुमार चौरसिया भी शामिल थे।
आरोपी का निकला पुराना आपराधिक इतिहास, बोकारो में भी कर चुका है ऐसी ठगी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी नीतीश कुमार के खिलाफ पहले से भी झारखंड के बोकारो जिले अंतर्गत चास थाने में इसी तरह के अपराध का मामला दर्ज है। वह पहले भी इसी अंदाज में गाड़ियों की ठगी कर चुका है। पुलिस फिलहाल उसके पूरे आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
……………………………………………………………………………………………..
जमुई समाचार, स्कॉर्पियो चोरी जमुई, फेसबुक वाहन ठगी, चंद्रदीप थाना जमुई, कंचन क्रांति न्यूज़, जमुई क्राइम न्यूज़
·
