जमुई के शांति नगर में केकेएम कॉलेज की छात्रा रूबी कुमारी ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 15 दिन पहले ही सहेली संग आई थी। पुलिस जांच में जुटी।


कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।

शहर के शांति नगर मोहल्ले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। केकेएम कॉलेज में बीए (BA) प्रथम वर्ष की छात्रा ने मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात किराए के मकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक छात्रा की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के हरपेटी गांव निवासी उमेश तांती की पुत्री रूबी कुमारी के रूप में हुई है। रूबी पढ़ाई के सिलसिले में करीब 15 दिन पहले ही जमुई आई थी और अपनी गांव की सहेली के साथ शांति नगर में किराए पर रह रही थी।


सब कुछ ठीक था, अचानक क्या हुआ समझ नहीं आया

मृतका की सहेली नंदनी कुमारी ने घटना की खौफनाक दास्तान बयां करते हुए बताया कि मंगलवार की रात दोनों छत पर टहल रही थीं। सब कुछ सामान्य था और रूबी बिल्कुल भी तनाव या डिप्रेशन में नहीं दिख रही थी। देर रात रूबी नीचे अपने कमरे में सोने चली गई।

जब नंदनी कुछ देर बाद कमरे में पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने और आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने तुरंत मकान मालिक और पड़ोसियों को सूचना दी।

खिड़की की जाली काटकर खोला गया दरवाजा

स्थानीय लोगों ने जब खिड़की की जाली काटकर अंदर देखा, तो रूबी दुपट्टे के सहारे छत की कड़ी से लटकी हुई थी। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे फंदे से नीचे उतारा और आनन-फानन में शहर के बोधवन तालाब स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बुधवार सुबह शव को सदर अस्पताल लाया गया।

 

परिजनों में मचा कोहराम, गांव में मातमी सन्नाटा

घटना की खबर मिलते ही छात्रा के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। बेटी का शव देखते ही मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मृतका की मां ने बताया, घटना की रात ही रूबी से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। घर में कोई विवाद नहीं था और वह जल्द ही घर आने वाली थी। समझ नहीं आ रहा उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

जांच में जुटी पुलिस: खैरा और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सहेली और परिजनों के बयान दर्ज कर हर पहलू (तनाव, फोन कॉल्स व अन्य) की जांच कर रही है।

...................................................................................................................

Jamui Crime News, Jamui Student Suicide, KKM College Jamui, Kanchan Kranti News, जमुई छात्रा आत्महत्या, शांति नगर जमुई