अरवल सिविल सर्जन मारपीट मामले में भासा (BHASA) के आह्वान पर जमुई सदर अस्पताल की ओपीडी सेवा बंद रही। 70 से ज्यादा मरीज बिना इलाज वापस लौटे। पढ़ें पूरी खबर।


कंचन क्रांति ब्यूरो, जमुई।

अरवल के सिविल सर्जन (CS) के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से बिहार भर के डॉक्टरों का गुस्सा फूट पड़ा है। 'बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ' (भासा) के राज्यव्यापी आह्वान पर जमुई सदर अस्पताल में भी ओपीडी (OPD) सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं। डॉक्टरों के ओपीडी का बहिष्कार करने से दूर-दराज से आए दर्जनों मरीजों को बिना इलाज ही खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।

अस्पताल के ओपीडी परिसर में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इमरजेंसी (आपत्कालीन) सेवाएं सुचारू रूप से चालू रहीं, जहां गंभीर मरीजों का इलाज किया जा रहा था।


काउंटर पर लगा पर्चा, लेकिन डॉक्टर कक्ष में पसरा सन्नाटा

सदर अस्पताल में सुबह से ही इलाज के लिए मरीजों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पंजीयन काउंटर पर लगभग 70 से अधिक मरीजों ने पर्ची (रजिस्ट्रेशन) भी कटवा ली। लेकिन जब मरीज ओपीडी कक्ष के बाहर पहुंचे, तो डॉक्टरों की कुर्सियां खाली थीं।

घंटों इंतजार करने के बाद जब कोई डॉक्टर नहीं आया, तब स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें डॉक्टरों की हड़ताल पर होने की जानकारी दी। इसके बाद बिना इलाज लौटाए जाने से गुस्साए मरीजों और उनके परिजनों ने काफी आक्रोश जताया।

सुबह 8 बजे से कर रहे थे इंतजार

इलाज कराने आए खैरा के रामदेव यादव और सुशील कुमार, निमारंग भछियार के सरयुग मांझी, रोहित कुमार और ममता देवी तथा गरसंडा के राहुल कुमार व कंचन देवी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा: हमलोग सुबह 8 बजे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। काफी देर तक जब डॉक्टर साहब नहीं आए, तो पूछने पर पता चला कि हड़ताल है। अगर पहले पता होता तो इतनी दूर से आने का समय और किराया बर्बाद नहीं होता।

 

गुरुवार से सामान्य होंगी सेवाएं

जमुई सदर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. थनीष कुमार ने बताया कि अरवल में सिविल सर्जन के साथ हुई अभद्र घटना और मारपीट के विरोध में राज्यव्यापी ओपीडी सेवा बंद रखने का आह्वान किया गया था। इसी वजह से चिकित्सकों ने ओपीडी से खुद को अलग रखा था।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सहूलियत को देखते हुए इमरजेंसी सेवा पूरी तरह चालू रखी गई थी। गुरुवार से ओपीडी सेवा पूर्व की भांति पूरी तरह सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।

...................................................................................................................

Jamui Sadar Hospital OPD, Doctor Strike Jamui, Arwal CS Assault Strike, Jamui Health News, Kanchan Kranti News, जमुई सदर अस्पताल ओपीडी बंद