जमुई के सिकंदरा में पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई। रोको-टोको अभियान व पचमहुआ में छापेमारी के दौरान तीन देसी कट्टे व चार कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
सिकंदरा/जमुई।
अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिकंदरा थाना पुलिस द्वारा शनिवार की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन देसी कट्टे, चार जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पहली कार्रवाई बालडा मोड़ के समीप रात्रि रोको-टोको अभियान के दौरान हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक बाइक सवार को रोककर जांच की। आरोपी की पहचान मानपुर निवासी छोटन यादव के रूप में हुई, जो शराब के नशे में था। तलाशी लेने पर उसके पास से दो देसी कट्टे, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और बाइक बरामद हुई, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में सिकंदरा थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित पचमहुआ गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बाल्मीकि यादव के पुत्र सूरज कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद हथियारों के स्रोत और इनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रोको-टोको अभियान की इस कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, एसआई पीयूष कुमार, हेमा कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
...........................................................................................
जमुई न्यूज, सिकंदरा थाना, सिकंदरा पुलिस कार्रवाई, एसटीएफ छापेमारी, जमुई क्राइम न्यूज, अवैध हथियार गिरफ्तार जमुई, Jamui News
