टोक्यो। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने शानदार शुरुआत करते हुए जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। मंगलवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में सिंधू ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को सीधे गेम में 21-14, 21-11 से हराया।
विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज सिंधू ने पूरे मुकाबले में आक्रामक और नियंत्रित खेल दिखाया। उन्होंने विश्व नंबर 37 वोंग को कोई बड़ा मौका नहीं दिया और महज दो गेम में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले दौर का मुकाबला जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और अभियान की सकारात्मक शुरुआत की।
सिंधू की जीत और ध्रुव-तनीशा की सफलता के साथ जापान ओपन में भारतीय खिलाड़ियों की शुरुआत शानदार रही है। अब दूसरे दौर में सभी की नजरें सिंधू पर होंगी, जो लंबे समय बाद किसी बड़े खिताब की तलाश में हैं।
