झरिया के जोड़ापोखर थाने में झामुमो नेता आशीष सिन्हा ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
धनबाद। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर झारखंड के मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी का एक मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झामुमो नेता आशीष सिन्हा ने जोड़ापोखर थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर आरोपी के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि एक फेसबुक ग्रुप में मुख्यमंत्री के खिलाफ बेहद अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट शेयर किया गया है। शिकायतकर्ता झामुमो नेता आशीष सिन्हा ने कहा कि राज्य के संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग न केवल निंदनीय है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द और जनभावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंची है। यह कृत्य सार्वजनिक शांति और मर्यादा के पूरी तरह विपरीत है।
झामुमो नेता ने पुलिस प्रशासन को शिकायत पत्र के साथ संबंधित अमर्यादित फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट/फोटोकॉपी भी साक्ष्य के तौर पर सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि साइबर सेल/पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त पोस्ट की त्वरित जांच की जाए।
अमर्यादित पोस्ट करने वाले व्यक्ति की तुरंत पहचान की जाए। दोषी के खिलाफ कानून की प्रासंगिक और सख्त धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई हो।
मामला दर्ज होने के बाद जोड़ापोखर थाना पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।
