जेएसएससी सीजीएल परीक्षा व नियुक्तियां रद्द करने के फैसले के विरोध में चयनित अभ्यर्थियों ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के बाहर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच और फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है।

 

रांची। झारखंड में बड़ी अजीब स्थिति बन गई है। जेएसएससी सीजीएल परीक्षा व नियुक्तियां रद्द करने के सरकार के ऐलान से एक पक्ष जश्न मना रहा है तो दूसरा पक्ष रो रहा है। सड़क पर उतर आया है। दूसरे पक्ष के बहुत से लोगों का कहना है कि जिन्होंने मेहनत से नौकरी पाई है, उनकी क्या गलती है? सरकार को इस पर भी सोचना चाहिए। मंगलवार शाम में इन लोगों ने मोबाइल की लाइट जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

 जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षा और इसके तहत हुई नियुक्तियों को रद्द करने की सरकारी घोषणा के बाद राजधानी में विरोध तेज हो गया है। सरकार के इस फैसले से प्रभावित और सचिवालय में कार्यरत चयनित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन (मंत्रालय) के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। बारिश के बीच पहुंचे अभ्यर्थियों को मुख्य गेट पर रोक दिया गया, जहां गहन पहचान पत्र (ID Card) जांच के बाद ही पुराने कर्मचारियों को अंदर जाने दिया गया।

 

आईडी जांच के बाद ही मिला प्रवेश

सोमवार देर रात मुख्यमंत्री द्वारा परीक्षा और नियुक्तियां रद्द किए जाने का निर्णय सामने आने के बाद से ही अभ्यर्थियों में नाराजगी व्याप्त थी। मंगलवार सुबह जब चयनित कर्मी ड्यूटी के लिए मंत्रालय पहुंचे, तो सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक लिया। बिना आईडी कार्ड किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ समय के लिए मंत्रालय का मुख्य द्वार बंद करना पड़ा।

 

निर्दोष अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत, लंबे कानूनी संघर्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से नौकरी पाई थी। इसके लिए कई लोगों ने अपनी पुरानी नौकरियां भी छोड़ दी थीं। अभ्यर्थियों की मांग है कि सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे, लेकिन पूरी चयन प्रक्रिया और नियुक्तियों को रद्द करना पूरी तरह अनुचित है।

 

अभ्यर्थियों ने बताया कि निर्णय से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर अपने परिवार के जीविकोपार्जन और भविष्य का हवाला देते हुए फैसले पर पुनर्विचार की गुहार लगाई थी।

 

.........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822