कैमूर के अधौरा क्षेत्र के लेवा गांव में भूत-प्रेत के आरोप में वृद्धा की आंख फोड़कर और गर्म छड़ से दागकर नृशंस हत्या। पुलिस ने नामजद मां-बेटी को किया गिरफ्तार।
कैमूर। जिले के अधौरा थाना क्षेत्र स्थित लेवा गांव में अंधविश्वास के फेर में एक 65 वर्षीय वृद्धा की लोहे की गर्म छड़ से दागकर और बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने वारदात के दौरान मृतका की आंख भी फोड़ दी। बुधवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
मृतका की पहचान लेवा गांव निवासी नट्टू सिंह की पत्नी मुराही देवी (65) के रूप में हुई है। मृतका के बेटों—अवध लाल सिंह और सोना लाल सिंह ने बताया कि पड़ोस के ही दबंगों ने उन पर भूत-प्रेत और टोना-टोटका करने का बेबुनियाद आरोप लगाया। इसके बाद उन्हें जबरन उठाकर अपने घर ले गए और कमरे में बंद कर कटरिया व लोहे की गर्म रॉड से प्रताड़ित किया। शव पर जगह-जगह जलने और गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
घटना को लेकर मृतका के पुत्र अवध लाल के बयान पर अधौरा थाने में गांव की ही लीलावती देवी, उसके बेटों नंदन सिंह, रामप्रवेश सिंह, रमेश सिंह और बेटियों कबूतरी कुमारी व गूंजा कुमारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लीलावती देवी और उसकी पुत्री गूंजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
