गया के गांधी मोहल्ला में गाजियाबाद के युवक से शादी के नाम पर ठगी। सात फेरे लेने के कुछ घंटे बाद ही जेवर और 1 लाख नकद लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन और एजेंट। पुलिस जांच में जुटी।
कंचन क्रांति ब्यूरो, गया जी।
बिहार के गया जी में शादी के नाम पर ठगी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। गाजियाबाद से बड़े अरमान लेकर शादी करने आए एक दूल्हे के साथ ऐसा खेल हुआ कि मांग का सिंदूर सूखने से पहले ही नई नवेली दुल्हन लाखों के जेवर, नकदी और कपड़े लेकर फरार हो गई। पीड़ित दूल्हे रविंद्र कुमार की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
अलीगढ़ से गया तक बुना गया था साजिश का जाल
पीड़ित रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि यह पूरी कहानी अलीगढ़ से शुरू हुई थी। वहां के एक परिचित के जरिए उसकी मुलाकात शकील नाम के एक शातिर एजेंट से हुई। शकील ने रविंद्र को झांसा दिया और उसे शादी कराने के लिए गया ले आया। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गांधी मोहल्ला में रविंद्र की मुलाकात एक युवती और उसके कथित परिजनों से कराई गई। शादी की बात पक्की होते ही 'लुटेरी दुल्हन' ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया और शादी से पहले ही शॉपिंग और हैवी मेकअप के नाम पर दूल्हे से मोटी रकम ऐंठ ली।
विदाई से पहले ही दूल्हे को दिया 'तगड़ा झटका'
धूमधाम से शादी हुई, दोनों ने सात फेरे लिए और रविंद्र ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भी भरा। रस्मों के दौरान रविंद्र ने अपनी दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पायल और बिछिया सहित लाखों के जेवर पहनाए।
लेकिन असली खेल तो विदाई से ठीक पहले होना बाकी था। शादी संपन्न होते ही एजेंट शकील ने पहचान पत्र (आईडी) की फोटोकॉपी कराने का बहाना बनाया। वह दूल्हे से 1 लाख रुपये नकद भी ले उड़ा और दुल्हन को अपनी बाइक पर बैठाकर रफूचक्कर हो गया।
डिजिटल सबूत भी किए साफ, मोबाइल बंद
जब काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो दूल्हे और उसके साथ आए लोगों के होश उड़ गए। दोनों के मोबाइल नंबरों पर ट्राई किया गया, लेकिन वे बंद आ रहे थे। हद तो तब हो गई जब पीड़ित को पता चला कि शातिर गिरोह ने सबूत मिटाने के लिए शादी के वीडियो और मोबाइल से खींची गई तस्वीरें भी डिलीट करवा दी थीं, ताकि पुलिस उनकी पहचान न कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और मौके से दुल्हन की कथित बड़ी बहन और एक स्थानीय बिचौलिये को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
'लुटेरी दुल्हन' गैंग की तलाश में छापेमारी
पुलिस को अंदेशा है कि यह अंतरराज्यीय 'लुटेरी दुल्हन' गैंग का काम है, जो फर्जी पहचान के सहारे कुंवारे लड़कों को शादी का झांसा देकर लूटता है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से मिले सुरागों के आधार पर फरार दुल्हन, मास्टरमाइंड एजेंट शकील और उनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
……………………………………………………………………………………………….
Gaya Luteri Dulhan, Fraud Marriage Gaya, Fake Marriage Gang Bihar, Muafassil Thana Gaya Crime, लुटेरी दुल्हन गया, शादी के नाम पर ठगी बिहार, गया जी क्राइम न्यूज
