कानपुर के चौक सराफा में नंदी और 5 कुत्तों की जहर देकर हत्या के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज की है। CCTV फुटेज के आधार पर छह संदिग्धों से पूछताछ जारी है।


कानपुर। शहर के चौक सराफा धोबी मोहाल क्षेत्र में पांच कुत्तों और एक नंदी (सांड़) को जहर देकर मारे जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बेजुबानों की मौत पर भड़के जनाक्रोश के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों के आरोपों के आधार पर पुलिस आधा दर्जन  संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

केमिकल कारोबारी पर साजिश का आरोप

घटना के दूसरे दिन सावन के मौके पर नंदी का शव सड़क पर मिलने और मुंह से झाग निकलता देख नारियल बाजार निवासी अनिल वर्मा समेत क्षेत्रीय नागरिक उग्र हो गए। स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि इलाके में केमिकल का काम करने वाला एक किरायेदार सोची-समझी साजिश के तहत जहरीले खाद्य पदार्थ और केमिकल युक्त कूड़ा सड़क पर फिंकवा रहा है। गुरुवार को पांच कुत्तों और शुक्रवार को नंदी (सांड) की मौत से भड़के लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक संदिग्ध गतिविधियां करता हुआ दिखाई दिया है, जिसकी शिनाख्त की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हंगामे और जनाक्रोश की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि जहर देने के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

..........................................................................................

Kanpur Animal Poisoning Case, Kanpur Chowk Sarafa News, Kanpur Nandi and Dogs Murdered, Kanpur Kotwali Police Investigation, Animal Cruelty Kanpur, कानपुर में कुत्तों को जहर दिया, नंदी की मौत कानपुर