कटिहार के फलका में सावन की सोमवारी पर बरंडी नदी में स्नान करने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो चचेरे भाई शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर।
कटिहार। जिले के फलका थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरसंडा गांव के समीप बरंडी नदी की कमला धार में सावन की तीसरी सोमवारी पर एक अत्यंत दुखद हादसा सामने आया है। सोमवारी के अवसर पर शिव मंदिर में जल चढ़ाने से पूर्व नदी में स्नान करने उतरे छह बच्चों में से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों में दो सगे चचेरे भाई और एक पड़ोसी का बच्चा शामिल है।
मृत बच्चों की पहचान मोरसंडा गांव निवासी 10 वर्षीय अमन कुमार, 9 वर्षीय दिव्यांशु कुमार और 13 वर्षीय सत्यम कुमार के रूप में हुई है। इनमें अमन और दिव्यांशु आपस में चचेरे भाई थे, जबकि सत्यम उनका पड़ोसी था।
ग्रामीणों के अनुसार, कमला धार के किनारे स्थित शिव मंदिर में सोमवारी को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु परंपरा के मुताबिक पहले धार में स्नान करते हैं और वहीं से जल भरकर मंदिर में चढ़ाते हैं। सोमवार सुबह ये छह बच्चे भी जल भरने के उद्देश्य से नदी में उतरे थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में बाकी बच्चे भी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर आगे बढ़े और गहरे पानी में समा गए।
जब तक किनारे खड़े लोग माजरा समझ पाते, तब तक बच्चे डूबने लगे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और सभी छह बच्चों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए कोढ़ा स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन, दिव्यांशु और सत्यम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही फलका पुलिस अस्पताल और मौके पर पहुंची। फलका थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव ने तीन बच्चों की डूबने से मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजनों से संपर्क किया गया है। सावन के पवित्र दिन घटी इस दर्दनाक घटना से पूरे मोरसंडा गांव में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।