कटिहार के पटेल चौक के पास कोर्ट जा रहे वकील गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। अपराधियों ने सीने पर चढ़कर मारी गोली। पुलिस और एसपी मौके पर, 24 घंटे में गिरफ्तारी का दावा।
कंचन क्रांति न्यूज, कटिहार।
नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक स्थित कुम्हार टोली के समीप सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक वकील की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान एडवोकेट गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है, जो कोर्ट जा रहे थे। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सीने पर चढ़कर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वकील गुड्डू अंसारी बाइक से कोर्ट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वे बाइक से नीचे गिर गए। इसके बाद बेखौफ अपराधियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए उनके सीने पर चढ़कर कनपटी में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस महकमे में हड़कंप, एसपी का बयान
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, एसडीपीओ और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी परिचय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि 24 घंटे के भीतर अपराधी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822