रायबरेली के मलिकमऊ चौबारा में बेकाबू ट्रेलर दुकानों को तोड़ते हुए घर में घुसा। चार दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त, लाखों का नुकसान। चालक फरार, पुलिस ने वाहन को लिया कब्जे में।

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।

गुरुबख्शगंज क्षेत्र के मलिकमऊ चौबारा कस्बे में रविवार देर रात एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क किनारे बनी दुकानों को तोड़ता हुआ सीधे एक मकान में जा घुसा। इस भीषण हादसे में चार दुकानों में रखा लाखों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि मकान का अगला हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि यह घटना रात के वक्त हुई और उस समय दुकानों व मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

 लाखों के नुकसान का अनुमान

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुबख्शगंज क्षेत्र के रामदीन का पुरवा गांव निवासी चंद्रप्रकाश सिंह का रायबरेली-गुरुबख्शगंज मार्ग पर मलिकमऊ चौबारा में मकान है, जिसके आगे उनकी दो दुकानें थीं। वहीं, बगल में सुनीता साहू की भी दो दुकानें थीं। शनिवार रात करीब दो बजे हुए इस हादसे में राज फास्ट फूड, सुनीता साहू की फास्ट फूड दुकान, एक जनरल स्टोर और एक फलों की दुकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। दुकानदारों के मुताबिक, इस हादसे में उन्हें करीब पांच लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

 पुलिस ने ट्रेलर को लिया कब्जे में

घटना के बाद ट्रेलर चालक और उसका हेल्पर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले ट्रेलर को गुरुबख्शगंज पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शुरुआती जाँच में यह आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया।

 ..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822