यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। बुलन्दशहर, बस्ती, ललितपुर समेत कई जिलों की घटनाओं का जिक्र कर सरकार पर उठाए सवाल।
रविशंकर सिंह, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। नेहरू भवन स्थित कार्यालय से जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बेटियों के लिए सर्वाधिक असुरक्षित प्रदेश बना दिया है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से सामने आए जघन्य अपराधों के आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
एक सप्ताह में सामने आईं कई दर्दनाक घटनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष ने पिछले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में घटी प्रमुख वारदातों का हवाला दिया।
बुलंदशहर: 16 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर आरोप।
बस्ती: स्कूल से लौट रही 15 वर्षीय छात्रा बेहोशी की हालत में मिली, सामूहिक दुष्कर्म का आरोप।
बांदा व कौशाम्बी: नाबालिगों के साथ दुष्कर्म और गर्भवती होने के मामले।
सोनभद्र: 14 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से मौत।
ललितपुर: तांबेहट क्षेत्र में महज 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, मेरठ, प्रयागराज और लखनऊ में भी नाबालिगों के साथ दुष्कर्म व उत्पीड़न के मामले सामने आए हैं।
आंकड़े बयां कर रहे हैं बदहाल कानून व्यवस्था
श्रीमती आराधना मिश्रा ने कहा कि सवाल सिर्फ एक-दो घटनाओं का नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था का है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के एक वर्ष में 66,381 मामले (औसतन करीब 182 मामले प्रतिदिन) दर्ज हुए। वर्षभर में दुष्कर्म के 3,516 मामले (लगभग 9.6 मामले प्रतिदिन) सामने आए जबकि हत्या के 3,206 मामले और एसिड अटैक की घटनाएं भी रिकॉर्ड की गईं।
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि शीर्ष अदालतें भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यशैली पर कड़ी फटकार लगा रही हैं, लेकिन सरकार पर कोई असर नहीं दिख रहा है।
जिसने यूपी का किया ये हाल, उसे और क्यों दें पाँच साल
कांग्रेस अध्यक्ष ने जनता के बीच चल रहे नारों - एक कचौरी, एक समोसा, भाजपा सरकार का क्या भरोसा और जिसने यूपी का किया ये हाल, उसे और क्यों दें पाँच साल, का हवाला देते हुए कहा कि आज यूपी की बेटियाँ और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जो सरकार बेटियों को सुरक्षित स्कूल, सड़क और घर नहीं दे सकती, उसे जनता सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822