खगड़िया में खुद को फर्जी IAS और NSA का अंडरकवर एजेंट बताने वाला मनीष गुप्ता गिरफ्तार। घर से टेस्ला कार, बारहसिंगा के सींग, विदेशी शराब और 100 करोड़ की संपत्ति का खुलासा।

 

 खगड़िया। खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का 'अंडरकवर एजेंट' बताकर ठगी करने वाले शातिर फर्जी अफसर मनीष गुप्ता को पुलिस और डीआईयू की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र स्थित जमालपुर बाजार में आरोपी के आलीशान मकान पर एसडीपीओ के नेतृत्व में करीब सात घंटे तक छापेमारी की गई। इस दौरान जो बरामदगियां हुईं, उन्हें देखकर पुलिस और जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं।

 

रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि जमालपुर निवासी मनीष गुप्ता पिछले 10 वर्षों से बिहार के विभिन्न जिलों में खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। आरोपी अपनी निजी गाड़ी पर ‘भारत सरकार’ और ‘IAS’ का बोर्ड लगाकर घूमता था और रोब गांठता था। छापेमारी के दौरान उसने अधिकारियों को केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) का फर्जी पहचान पत्र दिखाया।

 

100 करोड़ की संपत्ति और टेस्ला कार जब्त

 

जांच सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने ठगी के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाई है। उसकी संपत्ति के सटीक आकलन के लिए आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की मदद ली जा रही है।

 

आरोपी के घर से एक एफएसडी (Full Self-Driving) मॉडल की टेस्ला कार जब्त की गई है। भारत में इस श्रेणी की ड्राइवरलेस कारें सीमित संख्या में ही हैं और इन्हें बिना विशेष अनुमति के चलाने की इजाजत नहीं है। इसके अलावा एक डिकोर सफारी गाड़ी भी जब्त की गई है।

 

घर में बार और 100 सीसीटीवी कैमरे

 

अविवाहित मनीष गुप्ता अपने बहुमंजिला मकान में अकेला रहता था। उसने अपने घर की सुरक्षा और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चारों तरफ लगभग 100 सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। घर के भीतर ही एक प्राइवेट बार बना रखा था, जहां से 31 लीटर महंगी विदेशी शराब (प्रति बोतल कीमत ₹1 लाख से अधिक) और 9.9 लीटर बियर बरामद की गई।

 

आरोपी के पिता केडीएस कॉलेज में प्रोफेसर थे। छह भाइयों में सबसे छोटा मनीष गुप्ता स्थानीय लोगों से बहुत कम मिलता-जुलता था। उसके भाई प्रतिष्ठित पदों पर हैं; एक भाई दिल्ली में प्रोफेसर है तो दूसरा कनाडा में रहता है।

 

बरामद सामान की सूची:


टेस्ला ड्राइवरलेस कार एवं सफारी SUV (भारत सरकार के बोर्ड के साथ)

बारहसिंगा के दो सींग

31 लीटर महंगी विदेशी शराब व 9.9 लीटर बियर

5 आईफोन और 2 लैपटॉप

20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड और 4 चेकबुक

फर्जी IAS और CVC का पहचान पत्र

....................................................................................

फर्जी IAS खगड़िया, मनीष गुप्ता गिरफ्तार, खगड़िया पुलिस रेड, टेस्ला कार बिहार, गोगरी क्राइम न्यूज, Khagaria Fake IAS, EOU Bihar, Bihar News