लखनऊ के मोहनलालगंज में औलाद की चाह में पादरी बने चंद्रिका प्रसाद पर धर्मांतरण कराने का आरोप। पुलिस जांच में जुटी, आरोपी दंपत्ति ने आधिकारिक धर्म परिवर्तन से किया इनकार।

 

लखनऊ।

 

संतान की लालसा में लगभग साढ़े तीन दशक पहले ईसाई धर्म के प्रभाव में आया चंद्रिका प्रसाद अब पुलिस की जांच के घेरे में है। मोहनलालगंज के नया खेड़ा स्थित एक भवन में वर्षों से चल रही रविवार की प्रार्थना सभाओं को लेकर हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद पुलिस इस मामले की गहन पड़ताल कर रही है। हालांकि, आरोपी दंपत्ति ने आधिकारिक रूप से धर्म परिवर्तन से इनकार करते हुए खुद को कागजों में हिंदू ही बताया है।

 

पुलिस पूछताछ में भदेसुआ गांव निवासी चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि वर्ष 1990 के आसपास जीसस के कथित चमत्कारी वीडियो देखकर वह और उसकी पत्नी रामादेवी चर्च से जुड़े थे। औलाद की चाहत में उन्होंने हिंदू त्योहार मनाने बंद कर दिए और ईसाई रीति-रिवाज अपनाने लगे। हालांकि, 36 साल बीत जाने के बाद भी उन्हें संतान का सुख नहीं मिला। मजदूरी करने वाले चंद्रिका को 2004 में पादरी बनाया गया और कोरोना काल से पहले तक चर्च की तरफ से सेवा के एवज में उसे प्रतिमाह 8,000 रुपये की आर्थिक मदद मिलती थी।

 

आधार कार्ड पर 'चंद्रिका' नाम देख भड़के लोग, धर्मांतरण से इनकार

 

रविवार को प्रार्थना सभा के दौरान पहुंचे हिंदू संगठनों ने वेशभूषा और आयोजनों पर सवाल उठाते हुए धर्मांतरण का आरोप लगाया। जब मौके पर पुलिस ने आधार कार्ड की जांच की, तो उसमें नाम 'चंद्रिका प्रसाद' दर्ज मिला। इस पर चंद्रिका ने सफाई दी कि उसने आधिकारिक तौर पर धर्म नहीं बदला है, केवल आस्था के तहत प्रार्थना सभाएं कराता है।

 

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक ने बताया कि दंपत्ति और एक अन्य व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। उनके मोबाइल और दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच हो रही है। फिलहाल ऐसा कोई व्यक्ति सामने नहीं आया है जिसका उन्होंने जबरन धर्मांतरण कराया हो।

 

क्या होती है चंगाई सभा?

 

ईसाई प्रचारकों द्वारा आयोजित की जाने वाली इन सभाओं में बीमार और परेशान लोगों को बाइबिल के उपदेश दिए जाते हैं। दावा किया जाता है कि विशेष प्रार्थना के माध्यम से लोगों की शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियां दूर हो जाती हैं।

............................................................................................

 

 

लखनऊ धर्मांतरण मामला, मोहनलालगंज पादरी चंद्रिका, चंगाई सभा लखनऊ, लखनऊ समाचार, DCP South Lucknow, Conversion Allegation Lucknow