लखनऊ के निगोहां में मोबाइल की किस्त बकाया होने पर रिकवरी एजेंटों ने युवक को अगवा कर 4 दिन बंधक बनाया, खून निकलवाकर बेचा और रंगदारी वसूली। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज़, लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां इलाके में फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों की रोंगटे खड़े कर देने वाली हैवानियत सामने आई है। महज एक महीने की किस्त बकाया होने पर रिकवरी एजेंटों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने युवक को चार दिनों तक बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, उसका एक यूनिट खून निकलवाकर बेच दिया और परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर ऑनलाइन किस्त भी वसूल ली।
मोबाइल छीनने के बाद घर से किया अगवा निगोहां के राजाराम खेड़ा पुरहिया गांव निवासी नेवल ने सितंबर 2025 में 21 हजार रुपये का एक मोबाइल फाइनेंस कराया था। एक महीने की किस्त रुकने पर आरोपी रिकवरी एजेंट शुभम सिंह और उसका साथी घर पहुंचकर नेवल का मोबाइल छीन ले गए थे। इसके बाद मंगलवार (7 सितंबर) को आरोपी दोबारा घर पहुंचे और नेवल को झांसा देकर स्कूटी पर बैठाकर ले गए।
ब्लड बैंक ले जाकर बेचा खून, गोमती में फेंकने की दी धमकी अपहर्ताओं ने नेवल को अपने घर में बंधक बनाकर बेहद बेरहमी से पीटा। हद तो तब हो गई जब दबंग उसे एक ब्लड बैंक ले गए और उसका एक यूनिट खून निकलवाकर बेच डाला। इसके बाद आरोपियों ने परिजनों को फोन कर 2,799 रुपये की किस्त खाते में मंगवाई और रुपये न देने पर नेवल की हत्या कर शव गोमती नदी में फेंकने की धमकी दी। बाद में आरोपियों ने 12,500 रुपये की और मांग की।
पुलिस ने टरकाया, DCP की फटकार के बाद दर्ज हुई FIR परिजनों द्वारा दरोगा से गुहार लगाने के बाद अपहर्ताओं ने शनिवार को पीड़ित को रैपिडो ऑटो में बैठाकर थाने भेज दिया। बदहवास हालत में पहुंचे पीड़ित के परिजनों ने जब कार्रवाई की मांग की, तो निगोहां पुलिस ने उल्टा पीड़ित परिवार को ही डराकर भगा दिया। इसके बाद सोमवार को पीड़ित के भाई राजकुमार ने डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक से मुलाकात कर पूरी आपबीती सुनाई। डीसीपी की सख्त फटकार के बाद पुलिस ने आनन-फानन में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन मामले में डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, शिकायत सुनने में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जांच के आदेश दिए गए हैं, दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।