हजारीबाग एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने लंबे समय से फरार चल रहे ड्राफ्टमैन कृष्णा सिंह को सेटलमेंट कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया है। जानें पूरा मामला।


हजारीबाग। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी ड्राफ्टमैन कृष्णा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था, जिसके बाद से ही ACB की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई थी।


मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई ACB हजारीबाग थाना कांड संख्या 02/18 के तहत की गई है। आरोपी कृष्णा सिंह (पिता: प्रयाग सिंह) पिछले काफी समय से कानून की पकड़ से दूर चल रहे थे और पुलिस को लगातार चकमा दे रहे थे।


ACB की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए सबसे पहले उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन वे वहां से गायब मिले। इसके बाद टीम ने हार न मानते हुए तकनीकी जांच और खुफिया (इंटेलिजेंस) इनपुट का सहारा लिया। सटीक जानकारी मिलने के बाद ACB ने हजारीबाग स्थित सेटलमेंट कार्यालय के परिसर में विशेष तलाशी अभियान चलाया, जहां से कृष्णा सिंह को सफलतापूर्वक धर दबोचा गया।


मामले की पुष्टि करते हुए ACB हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) आरिफ एकराम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेशानुसार आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है और उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822