रांची में सीबीआई एसीबी ने सीआईएसएफ के वरिष्ठ लेखा अधिकारी संतोष कुमार महतो समेत तीन अधिकारियों को 48,400 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रांची और धनबाद में पांच ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 22 लाख नकदी, जेवरात और अचल संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं।


रांची। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने झारखंड में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय (RPAO), रांची में तैनात तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने रांची और धनबाद स्थित उनके पांच ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नकद और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।


सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में संतोष कुमार महतो, वरिष्ठ लेखा अधिकारी (Senior Accounts Officer),

सुनील कुमार , सहायक लेखा अधिकारी (Assistant Accounts Officer), सुजीत कुमार सिंह, सहायक लेखा अधिकारी (Assistant Accounts Officer) शामिल हैं।


उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित CISF एनटीपीसी (NTPC) यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी ने सीबीआई से इस मामले की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनकी यूनिट के कर्मियों के यात्रा भत्ता (TA) और बच्चों के शिक्षा भत्ता (CEA) समेत विभिन्न लंबित बिलों को पास करने के बदले तीनों अधिकारी ₹48,400 की रिश्वत मांग रहे थे।


शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (DSPE) अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत झारखंड सरकार से आवश्यक सहमति प्राप्त की और प्राथमिकी (FIR) दर्ज की। इसके बाद सीबीआई की टीम ने रांची स्थित RPAO कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने ₹48,400 की रिश्वत राशि अधिकारियों को सौंपी, सीबीआई ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और घूस की रकम बरामद कर ली।


गिरफ्तारी के तुरंत बाद सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने आरोपियों के रांची और धनबाद स्थित 5 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान सीबीआई को लगभग 22 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात, रियल एस्टेट और जमीन में निवेश के अहम दस्तावेज और बैंक लॉकरों से संबंधित जानकारियां मिलीं।


सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत मांगने के दर्ज केस के अलावा तीनों अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) अर्जित करने के मामले में अलग से जांच शुरू की जाएगी। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और 28 अगस्त को उन्हें विशेष सीबीआई अदालत (CBI Court) में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822