रांची से मामा का इलाज करवाकर लौट रहे देवघर निवासी 18 वर्षीय छात्र की जामताड़ा स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जामताड़ा । झारखंड के जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रांची से अपने मामा का इलाज करवाकर ट्रेन से घर लौट रहे एक 18 वर्षीय भांजे की ट्रेन से फिसलकर गिर जाने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। घटना स्टेशन के अप लाइन की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र देवघर जिले के बुढ़ई गांव का निवासी था और 9वीं कक्षा में पढ़ाई करता था। वह अपने मामा सर्वू शर्मा का इलाज कराने के लिए परिजनों के साथ रांची गया हुआ था। इलाज कराने के बाद पूरा परिवार ट्रेन से वापस देवघर लौट रहा था।
घटना के संबंध में मृतक के मामा सर्वू शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 5:00 बजे भांजे की नींद खुली। वह शौच के लिए बोगी के बाथरूम में गया था। बाथरूम से निकलने के बाद वह ट्रेन के दरवाजे के पास जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने की वजह से वह नीचे गिर गया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना के वक्त बोगी में अचानक शोर मच गया कि कोई व्यक्ति ट्रेन से नीचे गिर गया है। जब तक लोग कुछ समझ पाते, ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ चुकी थी। अनहोनी की आशंका के चलते सर्वू शर्मा के भाई ने अपनी जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी और ट्रैक के किनारे खोजबीन शुरू की।
खोजबीन के दौरान जब उसने अपने भांजे का शव अप लाइन ट्रैक के पास पड़ा देखा तो उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन में मौजूद परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (रेलवे पुलिस) की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822