सिमडेगा में नौकरी देने का झांसा देकर 900 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले गिरोह के सरगना समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी श्रीकांत एस खोटरे के अनुसार ठगी के पैसों की भरपाई के लिए आरोपियों की संपत्ति अटैच की जाएगी।


सिमडेगा। सिमडेगा पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर सैकड़ों लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक बहुत बड़े ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस शातिर गिरोह ने जिले के करीब 900 भोले-भाले युवाओं और स्थानीय निवासियों को रोजगार का सपना दिखाकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी के मुख्य सरगना सहित गिरोह के कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


 मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीकांत एस खोटरे ने प्रेसवार्ता में बताया कि पीड़ितों की शिकायतों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए इस बड़े सिंडिकेट को बेनकाब किया।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम अशोक साय (मुख्य सरगना), ओम प्रकाश, एनिस केरकेट्टा, सरोज केरकेट्टा, गौरती केरकेट्टा व कुन्दन शर्मा शामिल हैं।

एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने स्पष्ट किया कि यह केवल गिरफ्तारी तक सीमित रहने वाला मामला नहीं है। जिन मासूम और जरूरतमंद लोगों की गाढ़ी कमाई इस ठगी में डूबी है, उन्हें राहत दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ठगी के शिकार हुए करीब 900 लोगों के पैसे वापस दिलाने के उद्देश्य से सभी आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें अटैच (कुर्क) करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न पदों और योजनाओं के नाम पर फर्जी तरीके से लोगों को नौकरी देने का लालच देते थे। बदले में उनसे सिक्योरिटी मनी, रजिस्ट्रेशन फीस और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर मोटी रकम वसूल की जाती थी। जब नौकरी नहीं मिली और आरोपियों द्वारा टाल-मटोल किया जाने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात संस्था या व्यक्ति द्वारा नौकरी के नाम पर मांगी जा रही राशि को देने से बचें और पहले पूरे मामले की सत्यता की जांच अवश्य कर लें।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822