पटना में सीएम आवास, सचिवालय और दानापुर के 4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। ईमेल में खालिस्तान और पूर्व उच्चायुक्त संजय वर्मा का जिक्र है। पुलिस और एटीएस हाई अलर्ट पर हैं।


कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना

पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री आवास, राज्य सचिवालय और दानापुर के चार प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह ईमेल मंगलवार सुबह 7:57 बजे ग्रामीण विकास विभाग को भेजा गया। धमकी में भारत के पूर्व उच्चायुक्त संजय वर्मा का जिक्र करते हुए खालिस्तानी कनेक्शन और धमाकों के सटीक समय का दावा किया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad), डॉग स्क्वायड और एटीएस (ATS) की टीमें तुरंत एक्शन मोड में आ गईं।


ईमेल में धमाके का समय तय, सीएम हाउस और सचिवालय की सुरक्षा सख्त

धमकी भरे ईमेल में ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव रवि कुमार की शिकायत पर सचिवालय थाने में मामला दर्ज किया गया। ईमेल में दावा किया गया कि 21 जुलाई को दोपहर 3:11 बजे सचिवालय में पहला धमाका होगा, जिसके बाद रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय और आवास को निशाना बनाया जाएगा।

सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड और विशेष सुरक्षा बलों ने सीएम सचिवालय और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी शुरू कर दी।


दानापुर के 4 प्रमुख स्कूल कराए गए खाली, बच्चों में मची अफरा-तफरी

धमकी की आंच दानापुर स्थित चार प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक भी पहुंची। जिन स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई, उनमें शामिल हैं:

1.    आर्मी पब्लिक स्कूल (दानापुर कैंट)

2.    रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल

3.    डीपीएस सीनियर स्कूल (चांदमारी रोड)

4.    डीपीएस जूनियर स्कूल (चांदमारी रोड)

धमकी मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन सभी चारों स्कूलों को तुरंत खाली कराया। छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और बम स्क्वायड की टीम ने पूरे परिसर की तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।


'खालिस्तान' एंगल और संजय वर्मा से जुड़ा मामला

ईमेल में कनाडा में मारे गए आतंकी निज्जर और भारत-कनाडाई कूटनीतिक तनाव का जिक्र है। मेल में लिखा गया कि पूर्व उच्चायुक्त संजय वर्मा को पटना में छिपाया गया है और खालिस्तानी समर्थक उन्हें ढूंढकर मारेंगे।

डीएसपी के मुताबिक, ईमेल में खालिस्तान शब्द का इस्तेमाल होने के कारण मामले की जानकारी एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) को दे दी गई है। साइबर सेल और तकनीकी टीमें ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटी हैं।


कौन हैं संजय वर्मा?

1988 बैच के आईएफएस (IFS) अधिकारी संजय वर्मा पटना यूनिवर्सिटी के छात्र रहे हैं। वे हांगकांग, चीन, तुर्की, सूडान और जापान में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कनाडा में भारत के उच्चायुक्त (High Commissioner) रहने के दौरान उन्होंने ट्रूडो सरकार द्वारा खालिस्तानी समर्थकों को संरक्षण देने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।

....................................................................................

 पटना बम धमकी, सीएम आवास पटना बम थ्रेट, पटना स्कूल बम धमकी, कंचन क्रांति न्यूज़, संजय वर्मा आईएफएस, Patna Bomb Threat Khalistan Email