रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने दिल्ली, बिहार, झारखंड और कर्नाटक में छापेमारी की है। पाकिस्तान समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच जारी है।


नई दिल्ली। रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत दिल्ली, बिहार, झारखंड और कर्नाटक में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान जांच एजेंसी को कई अहम दस्तावेज और सबूत हाथ लगे हैं।

ईडी ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा दर्ज की गई रिपोर्ट के आधार पर की है। एनआईए इस पूरे मामले की मुख्य जांच कर रही है। इससे पहले जुलाई 2026 में एनआईए ने इस मामले से जुड़े कई राज्यों के करीब 20 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके साथ ही, 9 सितंबर को पटना के एक अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में तलाशी के दौरान लगभग 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। अब ईडी इसी वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल (पैसों के आने-जाने के स्रोतों) की गहराई से जांच कर रही है।

ईडी के सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में पाकिस्तान समर्थित 'शहजाद भट्टी नेटवर्क' भी जांच के दायरे में है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले से जुड़े लोगों तक कोई संदिग्ध फंड पहुंचा था या नहीं। यदि रकम पहुंचाई गई थी, तो उसका स्रोत क्या था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने हाल ही में शहजाद भट्टी नेटवर्क को भारत विरोधी गतिविधियों जैसे हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की सीमा पार तस्करी, और आतंकी गतिविधियों में भारतीय युवाओं को शामिल करने के आरोप में एक आतंकी संगठन घोषित किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस मामले की जांच अभी शुरुआती और अहम दौर में है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, देश के अन्य स्थानों पर भी छापेमारी और गिरफ्तारियों का सिलसिला देखने को मिल सकता है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822