दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों खाताधारकों के लिए एक बेहद शानदार खबर आ रही है। सरकार जल्द ही पीएफ (PF) धारकों के खातों में वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 8.25 प्रतिशत की दर से ब्याज का पैसा ट्रांसफर करने जा रही है। लंबे समय से अपने ब्याज का इंतजार कर रहे नौकरीपेशा कर्मचारियों के लिए यह एक बड़ी वित्तीय राहत साबित होगी।

केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय के तहत आने वाले EPFO ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पीएफ पर 8.25 फीसदी ब्याज दर तय की थी, जिसे वित्त मंत्रालय से भी हरी झंडी मिल चुकी है। गौरतलब है कि यह पिछले तीन सालों में सबसे अधिक ब्याज दर है। इससे पिछले वित्त वर्ष (2022-23) में ब्याज दर 8.15 प्रतिशत थी, जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 8.10 प्रतिशत थी। ब्याज दर में की गई इस बढ़ोतरी से देश के करीब 6 करोड़ से अधिक अंशधारकों (Subscribers) को सीधा फायदा मिलेगा।


आधिकारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO ने ब्याज की रकम को खाताधारकों के खातों में क्रेडिट करने की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ ही हफ्तों में ब्याज का पैसा धीरे-धीरे सभी सक्रिय खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगा। आमतौर पर, करोड़ों खातों में एक साथ पैसा ट्रांसफर करने में थोड़ा समय लगता है, इसलिए सभी कर्मचारियों के खातों में यह राशि चरणबद्ध (Phased) तरीके से जमा की जाएगी।उम्मीद है खाते में ब्याज दर भेजने का काम 15 जुलाई तक पूरा हो जाएगा।

कई खाताधारकों के मन में यह सवाल होता है कि उन्हें कितना ब्याज मिलेगा। पीएफ खाते में ब्याज की गणना हर महीने के अंत में उपलब्ध रनिंग बैलेंस के आधार पर की जाती है, लेकिन इसे साल के अंत में एकमुश्त खाते में जमा (Credit) किया जाता है।

यदि किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में पूरे साल का कुल संचित बैलेंस (Accumulated Balance) ₹1,00,000 है, तो 8.25% की दर से उसे करीब ₹8,250 का ब्याज मिलेगा।


घर बैठे ऐसे चेक करें अपना पीएफ बैलेंस

अपने स्मार्टफोन में 'Umang App' डाउनलोड कर लॉगिन करें। ऐप में 'EPFO' विकल्प को चुनें।अपना UAN नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल पर आया OTP दर्ज कर बैलेंस देखें।

EPFO की आधिकारिक पासबुक वेबसाइट (passbook.epfindia.gov.in) पर जाएं। अपना UAN (Universal Account Number), पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज कर लॉगिन करें।

अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल देकर भी जनकारी प्राप्त कर सकते हैं