पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क का खुलासा! पश्चिम बंगाल के मंत्री के बेटे के अपहरण, नेताओं को हनीट्रैप करने और दिल्ली में हमले की साजिश में शामिल संदिग्ध वर्दवान से गिरफ्तार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।


साहिबगंज/वर्दवान। देश में एक बड़े आतंकी और आपराधिक नेटवर्क का सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में बड़े आतंकी हमले और हाई-प्रोफाइल हस्तियों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी। इस साजिश का खुलासा झारखंड के बरहड़वा से हिरासत में ली गई एक युवती से पूछताछ के दौरान हुआ।


युवती की निशानदेही और खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर एसआईटी (SIT) ने कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध हमीम मंडल उर्फ हामिद मंडल उर्फ हमीद फुएगो को पश्चिम बंगाल के वर्दवान से गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में 31 जुलाई को वर्दवान में मामला दर्ज किया गया है।


मंत्री के बेटे के अपहरण की रची गई थी पटकथा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आतंकियों और अपराधियों का यह गिरोह पश्चिम बंगाल सरकार के एक मंत्री के पुत्र का अपहरण करने की योजना बना रहा था। इसके लिए गिरोह ने पकड़ी गई युवती का इस्तेमाल करने की साजिश रची थी। युवती को मंत्री के बेटे से संपर्क साधकर उसे अपने जाल में फंसाने की जिम्मेदारी दी गई थी।


जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह देश के कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली लोगों को 'हनीट्रैप' के जरिए अपने जाल में फंसाकर उनसे संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां हासिल करने की फिराक में था। इससे पहले यह नेटवर्क पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भी साझा कर रहा था।


पूछताछ के दौरान युवती ने खुलासा किया कि वह पिछले चार वर्षों से हामिद के संपर्क में थी। हालांकि, उसे इस पूरे नेटवर्क और इसकी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद हुई। युवती ने यह भी बताया कि उसने नेटवर्क में किसी से बातचीत के दौरान दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की योजना के बारे में सुना था, हालांकि उसने अब तक इनके किसी भी मिशन पर सीधा काम नहीं किया था।


फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपी हमीम मंडल से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य तारों को भी बेनकाब किया जा सके।