रायबरेली के डलमऊ में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से मात्र 31 सेमी दूर रह गया है। कटरी क्षेत्र के गांवों में बाढ़ की आशंका से ग्रामीण दहशत में हैं, प्रशासन अलर्ट पर।
रायबरेली। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को डलमऊ क्षेत्र में नदी का पानी चेतावनी बिंदु के बिल्कुल करीब पहुंच गया, जिससे तटवर्ती और कटरी इलाकों में बसे ग्रामीणों के बीच बाढ़ का खतरा गहराने लगा है।
केंद्रीय जल आयोग डलमऊ के अनुसार, गंगा नदी का जलस्तर 98.050 मीटर दर्ज किया गया है। नदी का चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर है, जिससे वर्तमान जलस्तर मात्र 31 सेंटीमीटर दूर रह गया है। वहीं, खतरे का निशान 99.360 मीटर पर निर्धारित है।
तटीय गांवों में अलर्ट, फसलों और आबादी पर मंडराया खतरा
जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी से चक मालिकभीति, जमाल नगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद पूरे रेवती सिंह, अंबाहा और बबुरा जैसे कटरी क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोग बेहद सहमे हुए हैं। स्थानीय ग्रामीण संतराम यादव, बिरजू यादव और साजन प्रसाद ने बताया कि जिस रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है, उससे जल्द ही पानी गांवों और कृषि योग्य जमीनों में प्रवेश कर सकता है।
घाटों पर नाविकों को निर्देश
स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नायब तहसीलदार शंभू शरण पांडे ने डलमऊ घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नाविकों को मुस्तैद रहने की सख्त हिदायत दी। साथ ही संबंधित क्षेत्र के लेखपालों को घाटों और तटीय इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम डलमऊ प्रीति सिंह ने बताया कि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं और जलस्तर बढ़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा।
रिपोर्ट रविशंकर सिंह
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822