रायबरेली के बछरावां क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग में पति, पत्नी और बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, पुलिस जांच में जुटी।

कंचन क्रांति न्यूज़, रायबरेली।

बछरावां थाना क्षेत्र के सरायं उमर गांव में शुक्रवार देर रात एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग—पति, पत्नी और उनका बेटा—गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायं उमर गांव निवासी श्यामलाल पासी (67) और उनकी पत्नी (55) घर में बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने बेटे रामचंद्र को आग की लपटों में घिरा देखा। बेटे को जलता देख माता-पिता उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन इस प्रयास में वे दोनों भी आग की चपेट में आ गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल हरचंदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हादसे की वजह सामने आ जाएगी।

रिपोर्ट रविशंकर सिंह