रायबरेली में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर। सांसद केएल शर्मा और प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पांचों सीटों पर जीत का संकल्प लिया।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
रायबरेली में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अभी से सक्रियता बढ़ा दी है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य और अवध क्षेत्र के रायबरेली प्रभारी अब्दुल हन्नान तथा अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा (केएल शर्मा) ने स्थानीय पदाधिकारियों, बूथ लेवल अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी अब्दुल हन्नान ने कहा कि रायबरेली के लोग बेहद खुशनसीब हैं कि कांग्रेस पार्टी के जननायक राहुल गांधी यहां से सांसद हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि हमें मिलकर रायबरेली की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक जिताने हैं।
अमेठी सांसद केएल शर्मा ने अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से रायबरेली में कार्य कर रहे हैं और यहां का संगठन बेहद मजबूत है। प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बिना समय गंवाए अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी प्राथमिकता सबसे पहले अपने बूथ को मजबूत करना होनी चाहिए, क्योंकि 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' ही हमारी सफलता का एकमात्र मंत्र है।
इस संवाद कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, नगर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष शैलजा सिंह, लालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर समेत रमेश शुक्ला, अजीत सिंह, अनिरुद्ध दीक्षित, संतोष त्रिवेदी, शैलेंद्र सिंह, रवि सिंह, संजीव शुक्ला, विजय शंकर अग्निहोत्री, निर्मल शुक्ला, वीके शुक्ला, राजकुमार दीक्षित, सरेनी की पूर्व प्रत्याशी श्रीमती द्विवेदी, हरचंदपुर विधानसभा प्रत्याशी सुरेंद्र विक्रम सिंह, सुशील पासी, अर्जुन पासी, लक्ष्मी सिन्हा और दीपेंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822