रायबरेली के इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 'युवा कनेक्ट' कार्यक्रम आयोजित हुआ। छात्राओं को खेल और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया।

रायबरेली। स्थानीय इंदिरा गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 'युवा कनेक्ट' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत 'माय भारत नेशनल स्पोर्ट्स डे 2026: खेलो इंडिया संवाद' का सजीव (लाइव) प्रसारण छात्राओं को दिखाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों में सक्रिय सहभागिता के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रीति तिवारी ने छात्राओं को खेलों के साथ-साथ वित्तीय रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में हर व्यक्ति के लिए धन का सही प्रबंधन, सुरक्षित निवेश और साइबर/वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी होना अनिवार्य है। उन्होंने छात्राओं से खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

सत्र के दौरान बतौर वक्ता आरती यादव, अनुराग यादव और वीरेश प्रताप ने छात्राओं को वित्तीय साक्षरता के व्यावहारिक गुर सिखाए। उन्होंने निवेश के विभिन्न माध्यमों, उससे जुड़े जोखिमों, निवेश के समय बरती जाने वाली सावधानियों, निवेशकों के अधिकारों तथा डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी से सुरक्षित रहने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

रिपोर्ट - रविशंकर सिंह

रवि नाथ