रायबरेली के खीरों में चोरों ने सेवानिवृत्त फौजी रामरतन यादव के घर से 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रवि शंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र अंतर्गत बकियाखेड़ा (मजरे उदवतपुर) गांव में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। रविवार की रात चोरों ने एक सेवानिवृत्त फौजी के बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए। घटना की भनक परिजनों को सोमवार तड़के हुई।

बाहर सोते रहे परिजन, छत के रास्ते घर में घुसे चोर

पीड़ित रिटायर फौजी रामरतन यादव ने बताया कि उनका बेटा संजय कंबाइन मशीन लेकर दूसरे जिले गया हुआ था। रविवार रात गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के बाहरी हिस्से में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत पर चढ़कर जीने के दरवाजे के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

बेटी और बहुओं के गहने ले उड़े शातिर

सोमवार सुबह जब परिजन जागे और घर के अंदर गए तो कमरों का ताला टूटा हुआ तथा सामान बिखरा मिला। पीड़ित के अनुसार, चोरी गए आभूषणों में उनकी बेटी कविता और बहुओं रीता व अर्चना के शादी और अन्य अवसरों के गहने शामिल थे। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पूर्व भी पीड़ित परिवार की पांच भैंसें चोरी हो चुकी थीं, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पुलिस ने शुरू की मामले की तफ्तीश

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। खीरों थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।