रायबरेली के हरचंदपुर में प्रेमी से बात करने से रोकने पर पत्नी और बेटी ने मिलकर श्रमिक छोटे लाल की गला दबाकर हत्या कर दी। एक महीने बाद नहर की पटरी से शव का कंकाल बरामद, आरोपी मां-बेटी गिरफ्तार।
रायबरेली । क्षेत्र के बरायेंन (मजरे हिलालगंज) गांव से एक महीने से लापता 55 वर्षीय श्रमिक छोटे लाल पासी की हत्या का पुलिस ने शनिवार को सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया कि बेटी के प्रेमी से मोबाइल पर बात करने का विरोध करने से नाराज पत्नी और बेटी ने मिलकर ही छोटे लाल की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेटी के प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक छोटे लाल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 17 जुलाई की रात छाया को उसके प्रेमी से फोन पर बात करते देख पिता छोटे लाल ने कड़ा विरोध किया। इस बात को लेकर घर में काफी कहासुनी हुई। विवाद के बाद जब छोटे लाल सो गए, तब पत्नी केशकली और बेटी छाया ने गमछे/रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने की नियत से दोनों ने शव को घर से कुछ दूरी पर स्थित नहर पटरी के किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया।
घटना के समय मुंबई की एक बेकरी में काम करने वाला बेटा सतीश घर पर मौजूद नहीं था। पिता के अचानक गायब होने पर वह गांव लौटा और तलाश के बाद पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। काफी समय तक सुराग न मिलने पर सतीश ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को फिर सूचित किया।
संदेह के आधार पर बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने केशकली और छाया को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर देर रात फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कराकर नहर पटरी के पास से छोटे लाल का कंकाल बरामद किया गया। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
