रायबरेली के लालगंज में 10 दिन से लापता 19 वर्षीय दिव्या प्रजापति का शव लोन नदी से बरामद। कर्नाटक में तय हुई थी शादी, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे कुम्हारन का पुरवा (मजरे बहरामपुर) गांव की रहने वाली 19 वर्षीय दिव्या प्रजापति का शव बृहस्पतिवार को लोन नदी से बरामद किया गया। वह पिछले 10 दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका था। युवती नदी तक कैसे पहुंची और उसकी मौत के पीछे की क्या वजह है, इन सभी बिंदुओं पर पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका की शादी कर्नाटक के रहने वाले एक युवक के साथ तय हुई थी। पिता शिवप्रकाश के अनुसार, दिव्या 31 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद भी जब उनका कोई सुथा-पता नहीं चला, तब पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस लगातार बेटी की तलाश कर रही थी, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा था।
बुधवार रात कुलकुलिया का पुरवा (मजरे जगतपुर भीचकौरा) के कुछ युवकों ने नोखेराय का पुरवा गांव के पास लोन नदी में एक शव देखा। अंधेरा अधिक होने के कारण रात में शव को बाहर नहीं निकाला जा सका। बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दिव्या के शव को नदी से बाहर निकलवाया। हैरानी की बात यह है कि यह शव उनके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर मिला है।
सीओ लालगंज सुजीत कुमार राय ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गुरबख्शगंज क्षेत्र का रहने वाला एक युवक कर्नाटक में रहता है, जिसके साथ दिव्या की शादी तय हुई थी। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दिव्या उस युवक के साथ विवाह नहीं करना चाहती थी। इस बात के पीछे क्या मुख्य वजह थी, इसकी पुलिस गहराई से जांच कर रही है। सीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि शव की स्थिति बेहद खराब और क्षत-विक्षत हो चुकी है, ऐसे में मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822