रायबरेली में पीडब्ल्यूडी 4 करोड़ की लागत से 46 बदहाल सड़कों का नवीनीकरण करेगा। इससे 7 ब्लॉकों के 150 गांवों और 50 हजार आबादी को राहत मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली जिले के ग्रामीण इलाकों में बदहाल हो चुकी सड़कों से परेशान ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जिले की 46 जर्जर सड़कों के नवीनीकरण के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जल्द ही इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।

50 हजार की आबादी को गड्ढों से मिलेगी मुक्ति नवीनीकरण के लिए चिन्हित की गई ये सड़कें पिछले 5 से 6 वर्षों से रखरखाव के अभाव में पूरी तरह डामर उखड़ने के कारण गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इसके कारण रोजाना लगभग 50 हजार लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में जलभराव के कारण स्थिति और विकट हो जाती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे आए दिन गिरकर चोटिल होते रहते हैं।

इन 7 ब्लॉकों की सड़कों का हुआ चयन विभाग ने जिले के ऊंचाहार, डलमऊ, सलोन, डीह, छतोह, रोहनियां और दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्रों से 5 से 8 किलोमीटर लंबाई वाली कुल 46 प्रमुख सड़कों को चिन्हित किया है। इन सड़कों के बनने से लगभग 150 गांवों के लोगों को सीधे तौर पर सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

मंजूरी मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सुनील दत्त ने बताया कि 46 सड़कों को नवीनीकरण की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान से इलाके की बड़ी आबादी को हिचकोलेदार सफर से मुक्ति मिलेगी।