रायबरेली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संचालित भोजनालय की फॉल्स सीलिंग गिर गई। लगातार बारिश से स्टेशन परिसर की छतों से पानी टपक रहा है।

 

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।

 

शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यद्यपि स्टेशन का 'अमृत भारत योजना' के तहत पुनर्विकास कार्य चल रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने स्टेशन के मुख्य भवन की बदहाल स्थिति उजागर कर दी है। मंगलवार देर रात प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित भोजनालय (रेस्टोरेंट) की फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

बुधवार को पूरे दिन भोजनालय हॉल में फैले मलबे को हटाने का काम चलता रहा। बारिश के कारण स्टेशन भवन की छत पर जलभराव हो गया, जिससे मुख्य टिकट निरीक्षक (CTI) कक्ष, आरक्षण कार्यालय, पार्सल हाल, मुख्य माल पर्यवेक्षक कार्यालय और विशिष्ट अतिथि (VIP) प्रतीक्षालय की गैलरी समेत कई स्थानों पर पानी टपकता रहा। इससे रेल कर्मियों और यात्रियों को पूरे दिन भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

 

गौरतलब है कि अमृत भारत योजना के तहत करीब तीन साल से पुनर्विकास कार्य चल रहा है। हालांकि, बीच में कई महीनों तक काम ठप रहा, लेकिन हाल के दिनों में इसमें तेजी आई है।

 

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए 'गति शक्ति' के वरिष्ठ कार्य अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही स्टेशन भवन की छत को दुरुस्त कराया जाएगा और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

रिपोर्ट – रविशंकर सिंह

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822