रायबरेली के बाजारों में रक्षाबंधन को लेकर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। राखियों से लेकर मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर देर रात तक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
भाई-बहन के पवित्र प्रेम के पर्व रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को जिले के सभी प्रमुख बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। सुबह से लेकर देर रात तक राखी, मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
सुबह 10 बजे के बाद से ही सुपर मार्केट, घंटाघर, कैसरगंज, जवाहर विहार, गोराबाजार, प्रगतिपुरम और रतापुर जैसे व्यावसायिक इलाकों में खरीदारों की आवाजाही तेज हो गई। बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ-साथ महंगी रुद्राक्ष और स्टोन जड़ित राखियों की सबसे अधिक मांग रही। वहीं, बच्चों में टेडी बियर और कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय व्यापारी उमेश के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम तक स्टॉक की लगभग 80 प्रतिशत राखियां बिक चुकी थीं।
चीनी व खोवा के दाम बढ़ने से मिठाइयां हुई कड़वी
पर्व को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी दिनभर खासी चहल-पहल रही। हालांकि, इस बार मिठाइयों के दामों में आई तेजी ने आम उपभोक्ताओं की जेब पर असर डाला। मिष्ठान विक्रेता पवन ने बताया कि चीनी और खोवे की लागत में वृद्धि के कारण बीते वर्ष की तुलना में इस बार मिठाइयों के दाम में लगभग 50 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया है। बाजार में बर्फी 600 रुपये से लेकर 1500 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिकी, जबकि छेना और ड्राईफ्रूट्स से बनी मिठाइयों के दाम भी काफी ऊंचे रहे। इसके अलावा, बहनों को देने के लिए गिफ्ट की दुकानों पर भी उपहारों की जमकर खरीदारी हुई।
राइजिंग चाइल्ड स्कूल में छात्राओं ने बांधी स्नेह की डोर
रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर और माथे पर तिलक लगाकर उनके दीर्घायु व सुखद जीवन की कामना की। बदले में छात्रों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। वहीं, प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव ने इसे पारिवारिक दायित्वों और अटूट प्रेम का प्रतीक बताया। इस अवसर पर रवि नाथ हरि और सावन गुप्ता सहित विद्यालय परिवार के अनेक लोग मौजूद रहे।
रक्षाबंधन रायबरेली, रायबरेली बाजार रक्षाबंधन, राखी और मिठाई की बिक्री, राइजिंग चाइल्ड स्कूल रक्षाबंधन, रक्षाबंधन गिफ्ट आइटम्स
म में रवि नाथ हरि, सावन गुप्ता आदि उपस्थित र…………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822