रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर पानी भरे गड्ढे से अनियंत्रित होकर कार बाईपास से नीचे गिरी। हादसे में प्रयागराज के एक ही परिवार के 4 लोग घायल, एम्स में भर्ती।

 

रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरियापुर स्थित एक ढाबे के पास पानी भरे गड्ढे के कारण तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बाईपास से नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार प्रयागराज के एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक बाल-बाल बच गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जिले के सिविल लाइंस (धोबीघाट) निवासी एक परिवार कार से लखनऊ से प्रयागराज की ओर जा रहा था। सुबह करीब 8 बजे जैसे ही कार भदोखर थाना क्षेत्र के दरियापुर बाईपास के पास पहुंची, सड़क पर बने पानी भरे गड्ढे के कारण चालक का नियंत्रण छूट गया। रफ्तार तेज होने की वजह से कार डिवाइडर को तोड़ते हुए बाईपास के नीचे जा गिरी। इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रायबरेली एम्स में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान 38 वर्षीय आशना, उनकी 9 वर्षीय बेटी आजमा, 8 वर्षीय बेटा अयूब खान और 6 वर्षीय बेटा हसन के रूप में हुई है।

 

मामले की जानकारी देते हुए भदोखर थाना प्रभारी विकास चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और सड़क पर पानी भरा होने के कारण कार अनियंत्रित होने से हुआ है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट - रविशंकर सिंह