रायबरेली में भारी बारिश से सई नदी उफान पर है। शहीद स्मारक पार्क जलमग्न हो गया है और खीरों में डायवर्जन कटने से दो दर्जन गांवों का संपर्क टूट गया है।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उन्नाव की ओर से आ रही सई नदी उफान पर आ गई है। शहर में स्थित शहीद स्मारक स्थल के पास बने पुराने पुल के पिलर से महज छह फीट नीचे तक पानी बह रहा है। नदी के तेज बहाव के कारण धोबी घाट जलमग्न हो गया है, जबकि अमोल विहार की तरफ से शहीद स्मारक पार्क जाने वाला रास्ता भी कट गया है।

 

जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण नदी का पानी तटीय इलाकों और सीधे शहीद स्मारक पार्क में भर गया है। नदी में बढ़ रहे जल स्तर को देखने के लिए पुराने पुल पर लोगों का तांता लगा हुआ है। वहीं, पुल की दाईं ओर भारी मात्रा में जलकुंभी जमा हो जाने से पुल के ढांचे को खतरा पैदा हो गया है।

 

खीरों में डायवर्जन काटे जाने से दो दर्जन गांवों का संपर्क टूटा

 

खीरों ब्लॉक में निर्माणाधीन बसहा नाला पुल के अस्थायी डायवर्जन में जल निकासी का उचित प्रबंध न होने से पाहो, बनपुरवा और उन्नाव के जयसिंह खेड़ा सहित कई गांवों की फसलें पूरी तरह डूब गईं। किसानों के भारी विरोध और शिकायत के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जेसीबी से डायवर्जन को कटवाकर पानी निकलवाया।

 

हालांकि, डायवर्जन कटने से लगभग दो दर्जन गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अब ग्रामीणों को ब्लॉक व जिला मुख्यालय जाने के लिए करीब 5 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। इस स्थिति से लगभग एक हजार स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और रास्ते के अभाव में कई बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।

 

उधर, सई नदी का जलस्तर बढ़ने से डोभ क्षेत्र के बघौला, पूरे बरगद, रायपुर मेहवा, स्थाय मानिक, विसामगृह और सेमरी झाकेरासी जैसे निचले गांव भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822