रायबरेली के ऊंचाहार में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, अपर्णा यादव और कई मंत्री शामिल हुए। 17 सितंबर तक चलने वाली इस कथा से जुड़ी पूरी राजनीतिक और धार्मिक रिपोर्ट पढ़ें।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार स्थित चंद्राई चौराहा टोल के पास इन दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिवमहापुराण कथा का भव्य आयोजन हो रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में शिरकत करने के लिए देश और प्रदेश के दिग्गज नेताओं का तांता लगा हुआ है। 17 सितंबर तक चलने वाली इस कथा में रोजाना लाखों की संख्या में दूर-दराज से माताएं, बहनें और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

कथा के चौथे दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल दोपहर में कथा स्थल पर पहुंचीं और पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण की कथा का श्रवण किया। उनके बाद उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव भी कथा में शामिल हुईं और आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस धार्मिक आयोजन में यूपी सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं। मुख्य रूप से मंत्री राजेंद्र शुक्ला, राकेश कुमार राठौर और भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कथा का रसपान किया और संतों का सानिध्य प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हेलीकॉप्टर से सीधे कथा स्थल पर पहुंचे थे और कथा का श्रवण किया था।

राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म

धार्मिक आयोजन के साथ-साथ ऊंचाहार के इस कथा को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि क्षेत्र के विधायक, जिन्होंने पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, वे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे हैं। ऊंचाहार विधानसभा सीट का अब तक का इतिहास रहा है कि यहां से कभी भी भाजपा का कोई विधायक नहीं जीत सका है। ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आगामी 2027 के चुनाव में ऊंट किस करवट बैठता है।