उड़ीसा के जगन्नाथपुरी में आयोजित ज्ञान प्रकाश सम्मेलन में सारण के लोक गायक रामेश्वर गोप भोजपुरी के राष्ट्रीय गीत 'बटोहिया' और भिखारी ठाकुर-महेंद्र मिसिर की रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना:
उड़ीसा के जगन्नाथपुरी स्थित 'केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (श्री सदाशिव पुरी प्रांगण)' में आगामी 2 अगस्त (रविवार) को आयोजित होने वाले एक बौद्धिक एवं सांस्कृतिक सम्मेलन में भोजपुरी का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत 'बटोहिया' गूंजेगा। उड़ीसा के बौद्ध जिले में स्थापित संस्था 'ज्ञान प्रकाश' के 10वें वार्षिकोत्सव पर इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में बिहार का प्रतिनिधित्व सारण जिले के शिक्षक सह प्रख्यात लोक गायक रामेश्वर गोप करेंगे। रामेश्वर गोप सम्मेलन में बाबू रघुवीर नारायण द्वारा रचित और भोजपुरी में 'राष्ट्रीय गीत' के रूप में प्रसिद्ध रचना 'सुंदर सुभूमि भैया भारत के देशवा से मोरे प्राण बसे हिम खोह रे बटोहिया' की शानदार प्रस्तुति देंगे।
भिखारी ठाकुर और महेंद्र मिसिर की रचनाओं की भी होगी प्रस्तुति
प्रसार भारती (भारत सरकार) के आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के 'ग्रेड-ए' लोक गायक रामेश्वर गोप ने बताया कि 'बटोहिया' के अलावा वे भोजपुरी साहित्य के शेक्सपियर कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर और पूर्वी सम्राट महेंद्र मिसिर की प्रसिद्ध रचनाओं पर आधारित लोकगीतों की भी प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने कहा, देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले विद्वानों और कलाकारों के समक्ष जगन्नाथ धाम की पवित्र धरती पर सारण की माटी के महान कवि बाबू रघुवीर नारायण की कालजयी रचना प्रस्तुत करना मेरे और पूरे भोजपुरी समाज के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
देशभर की लोक-संस्कृतियों का होगा संगम
एक दिवसीय ज्ञान प्रकाश सम्मेलन में देश के कोने-कोने से विद्वान, साहित्यकार और कलाकार जुटेंगे। इस मंच पर ओडिसी, असमिया, बंगाली, तमिल जैसी समृद्ध लोक-संस्कृतियों की प्रस्तुतियों के बीच भोजपुरी भाषा और सारण जिले की गौरवशाली देशभक्ति रचना 'बटोहिया' विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
.....................................................................................
Rameshwar Gop, Batohiya Geet, Raghubir Narayan, Jagannath Puri, Central Sanskrit University Puri, Saran News, Bhojpuri Lok Geet, Gyan Prakash Sammelan
