झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत बरहड़वा में साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट कर एक व्यक्ति से 1.20 करोड़ रुपये ठग लिए। खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर आरोपियों ने पीड़िता की एफडी तक तुड़वा ली।
साहिबगंज। जिले के बरहड़वा थाना क्षेत्र से साइबर अपराध का एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने 'डिजिटल अरेस्ट' (Digital Arrest) का डर दिखाकर एक व्यक्ति को मानसिक दबाव में लिया और 10 किस्तों में कुल 1.20 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अपनी बेटी की शादी के लिए यह रकम बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में जमा कर रखी थी, जिसे अपराधियों ने डर दिखाकर तुड़वा लिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जून 2026 में बरहड़वा निवासी गौतम चंद्र दास के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई (CBI) का बड़ा अधिकारी प्रदीप सिंह बताया। उसने दावा किया कि गौतम के खिलाफ सीबीआई में एक बेहद गंभीर मामला दर्ज हुआ है।
केस से बचाने और जेल जाने से रोकने का झांसा देकर फर्जी अधिकारी ने गौतम को ब्लैकमेल करना शुरू किया। यह सिलसिला लगभग दो महीनों तक चलता रहा।
पीड़ित को पूरी तरह अपने जाल में फंसाने के लिए साइबर अपराधियों ने तकनीकी हथकंडे अपनाए। आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए गौतम को तीन बार एक 'फर्जी सीबीआई कोर्ट' के सामने पेश भी कराया।
कोर्ट की आड़ में जुर्माना जमा करने और केस खत्म कराने के नाम पर अपराधियों ने बैंक अकाउंट डिटेल्स देकर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया।
डर और मानसिक तनाव में आकर गौतम चंद्र दास ने अपराधियों द्वारा दिए गए बैंक खातों में आरटीजीएस (RTGS) के जरिए कुल 10 बार में 1.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए:
अपराधियों के खौफ का आलम यह था कि पीड़ित ने अपनी बेटी की शादी के लिए जो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) कराई थी, उसे भी तोड़कर सारे पैसे अपराधियों के हवाले कर दिए।
26 अगस्त को जब गौतम ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने एक रिश्तेदार को दी, तब जाकर साइबर ठगी का भंडाफोड़ हुआ। रिश्तेदार के समझाने पर पीड़ित ने सोमवार को पुलिस से संपर्क कर आपबीती सुनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल के नोडल पदाधिकारी व मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव सोमवार की देर शाम बरहड़वा थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह के साथ मिलकर पूरे मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पीड़ित गौतम चंद्र दास की शिकायत पर बरहड़वा थाने में प्राथमिकता के आधार पर मामला (FIR) दर्ज किया जा रहा है और साइबर सेल की मदद से अपराधियों के बैंक खातों व लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822