संथाल परगना आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर SIR-2026 मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया और ऑन-स्पॉट सुनवाई की।

 

कंचन, क्रांति न्यूज, देवघर।

 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को पारदर्शी, त्रुटिहीन और सटीक बनाने के उद्देश्य से संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

 

प्रखंड कार्यालय परिसर में आयुक्त के आगमन पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सागरी बराल एवं जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा उनका स्वागत किया गया, जहाँ उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। इसके पश्चात आयुक्त ने मतदाता सूची में सुधार और अपडेशन से जुड़े कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से अनमैप्ड मतदाताओं, त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों और पूर्व में नोटिस प्राप्त कर चुके मतदाताओं के दावों तथा आपत्तियों पर ऑन-स्पॉट गहन सुनवाई करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

सटीकता और पारदर्शिता पर विशेष जोर

 

आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने अधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। SIR-2026 अभियान का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही विवरण के साथ शामिल हो और कोई भी फर्जी या दोहरी प्रविष्टि न रहे।

 

निरीक्षण के दौरान पूर्व में नोटिस प्राप्त कर चुके मतदाताओं के दस्तावेजों की मौके पर ही जांच कर उनकी समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान किया गया। साथ ही जिन मतदाताओं के नाम, उम्र या पते में गलतियाँ थीं, उन्हें दुरुस्त करने की प्रक्रिया की जांच की गई। आयुक्त ने बीएलओ (BLO) और संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को मुस्तैदी से काम करने तथा घर-घर जाकर सत्यापन कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया।

 

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित निर्वाचन शाखा के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 .............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822