झरिया के लोदना और कुसुंडा एरिया में लगातार भू-धंसान से कई मकान और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय निवासियों ने बीसीसीएल और प्रशासन से तत्काल सुरक्षित विस्थापन की मांग की है।


झरिया/धनबाद। झरिया कोयलांचल क्षेत्र में अवैध खनन और भूमिगत आग के कारण लगातार हो रहे भू-धंसान ने एक बार फिर स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। रविवार की सुबह लोदना क्षेत्र के लिलोरी पत्थरा और कुसुंडा एरिया के गोधर 6 नंबर में लगातार हुई भू-धंसान की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।


रविवार की सुबह लोदना क्षेत्र स्थित लिलोरी पत्थरा में अचानक जमीन धंसने लगी, जिससे देखते ही देखते स्थानीय निवासी सुमित कुमार का पूरा मकान जमींदोज हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सुमित कुमार अपने पूरे परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

इससे पूर्व, कुसुंडा एरिया के गोधर 6 नंबर स्थित बीसीसीएल कॉलोनी और हवा चानक के समीप पीसीसी सड़क पर शनिवार को महज साढ़े पांच घंटे के अंतराल में दो बार भीषण भू-धंसान हुआ।

पहली घटना (सुबह 6:00 बजे) गोधर 6 नंबर बीसीसीएल कॉलोनी में सुबह 6 बजे जमीन धंसने से कई आवासीय क्वार्टर क्षतिग्रस्त हो गए और आने-जाने का मुख्य रास्ता पूरी तरह धंस गया।


दूसरी घटना इसके कुछ ही घंटों बाद हवा चानक के पास मुख्य पीसीसी सड़क धंस गई, जिससे इलाके में आवागमन प्रभावित हो गया और स्थानीय लोग खौफजदा हो गए।

घटना के बाद आक्रोशित और भयभीत स्थानीय ग्रामीणों ने धनबाद जिला प्रशासन एवं बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

लिलोरी पत्थरा क्षेत्र में अभी भी लगभग 70 परिवार खतरे के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।


पूर्व विस्थापन क्षेत्र के कई परिवारों को पूर्व में ही बेलगढ़िया और अन्य सुरक्षित स्थानों पर बसाया जा चुका है, लेकिन शेष बचे परिवारों का पुनर्वास अब तक अधर में लटका है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि खतरे को देखते हुए शेष बचे सभी 70 परिवारों को अविलंब बेलगढ़िया या किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822