वाराणसी में 9 से 11 अक्टूबर तक होने वाली अखिल भारतीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम घोषित कर दी गई है। टीम की कमान मनीष कुमार सिंह को सौंपी गई है, जिसमें गोड्डा जिले से सर्वाधिक 6 खिलाड़ी शामिल हैं।
जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के दिव्यांग सेल के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष್ಯ में आयोजित होने वाले मासव्यापी उत्सव के तहत वाराणसी में आगामी 9 से 11 अक्टूबर तक अखिल भारतीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के छह राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी।
झारखंड टीम की कमान मनीष कुमार सिंह को
झारखंड राज्य दिव्यांग क्रिकेट संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत झा ने जानकारी दी कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम का गठन कर लिया गया है। टीम की बागडोर संघ के महासचिव मनीष कुमार सिंह को सौंपी गई है। खास बात यह है कि इस टीम में गोड्डा जिले से कप्तान सहित सर्वाधिक छह क्रिकेटरों को जगह मिली है।
टीम में शामिल खिलाड़ियों की सूची
वाराणसी में होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
गोड्डा जिला: कप्तान मनीष कुमार सिंह, भोला पासवान, राजेंद्र प्रसाद, चंदन कुमार, सुलेमान मुर्मू और स्टैंड-बाय खिलाड़ी मुकेश कोतवाल।
अन्य जिले: कोडरमा से बलराम कुमार, विष्णु कुमार व स्टैंड-बाय दिलीप दास; रांची से मो. नसीम; जमशेदपुर से निखिल सिंह; धनबाद से मदन मोहन सिंह; देवघर से राहुल राम; दुमका से रवींद्र कुमार; जामताड़ा से मो. शमशेर; पाकुड़ से अबू ताहिर; रामगढ़ से सुमित कुमार तथा साहिबगंज से स्टैंड-बाय खिलाड़ी नज़ीर अंसारी टीम का हिस्सा होंगे।
मेजबान उत्तर प्रदेश के अलावा इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और विदर्भ (महाराष्ट्र) की टीमें आपस में मुकाबला करेंगी। टीम के चयन के बाद से खिलाड़ियों और संघ के पदाधिकारियों में उत्साह है और उन्होंने प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822