राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 28वें दिन 1.42 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा धाम में जलार्पण किया। देवघर वासियों को आईडी कार्ड पर मिली फ्री शीघ्रदर्शनम की सुविधा।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
श्रावणी मेला 2026 के 28वें दिन बाबा वैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब देखने को मिला। अहले सुबह 4:29 बजे मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही जलाभिषेक की प्रक्रिया शुरू हो गई। दिन भर में कुल 1,42,844 श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ पर जलार्पण किया। इसमें आंतरिक अर्घा के माध्यम से 1,01,253, बाह्य अर्घा से 38,152 तथा शीघ्रदर्शनम कूपन के जरिए 3,439 कांवरियों ने जलाभिषेक किया।
स्थानीय निवासियों के लिए विशेष सुविधा
मेला प्रशासन द्वारा आज देवघर वासियों के लिए विशेष पहल की गई। सुबह 9 बजे से स्थानीय नागरिकों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) दिखाने पर शीघ्रदर्शनम के माध्यम से निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी गई, जिससे शहरवासियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे हजारों शिवभक्तों की कतार भोर से ही लगनी शुरू हो गई थी। कपाट खुलते ही पूरा मेला क्षेत्र 'बोल-बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।
प्रशासनिक मुस्तैदी
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। अहले सुबह से ही वरीय अधिकारियों ने खुद रूट लाइनिंग और मंदिर परिसर की कमान संभाले रखी। कतार में लगे कांवरियों के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवा और अन्य जरूरी सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाती रहीं।
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822