श्रावणी मेला 2026 के तीसरे सप्ताह तक 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। बाबा मंदिर को 8.23 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई। डीसी और एसपी ने प्रेसवार्ता कर आंकड़े साझा किए।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की व्यवस्थाओं और आंकड़ों को लेकर समाहरणालय स्थित मीडिया सेंटर में संयुक्त प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियाँ और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेले के तीसरे सप्ताह तक की प्रगति रिपोर्ट साझा की।

 

उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 21 अगस्त तक 51,12,531 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया, जिनमें 1,90,887 श्रद्धालु शीघ्रदर्शनम् कूपन के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 8,23,47,741 रुपये की आय हुई, जिसमें शीघ्रदर्शनम् कूपन से प्राप्त 6.87 करोड़ रुपये शामिल हैं।

 मेला क्षेत्र की सुरक्षा और निगरानी के लिए 925 सीसीटीवी, 225 एआई कैमरे और 5 ड्रोन तैनात हैं। कुल 597 दंडाधिकारी, 6,763 पुलिस बल, NDRF, SDRF और CRPF की टीमें कार्यरत हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत 35 अस्थायी केंद्रों पर 1.80 लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया गया। वहीं सूचना केंद्रों के जरिए 71,198 खोए हुए कांवरियों को उनके परिजनों से मिलाया गया।

 

परिवहन शुल्क से 70 लाख रुपये और वाणिज्य कर से 3.10 करोड़ रुपये का राजस्व मिला। अंतिम सोमवारी की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

...........................................................................................

 

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822