श्रावणी मेला 2026 में देवघर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा। कोठिया बस पड़ाव क्षेत्र में अखाद्य हल्दी और मेटानिल येलो युक्त चाट कराया नष्ट। जानिए पूरी खबर।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 में शिवभक्तों को शुद्ध, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शुक्रवार को कोठिया बस पड़ाव क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, किराना दुकानों और भोजनालयों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान मिलावटी और हानिकारक रसायनयुक्त खाद्य पदार्थ पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम अखाद्य हल्दी और 5 किलोग्राम अस्वास्थ्यकर चाट को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
अखाद्य रंग युक्त हल्दी और मेटानिल येलो चाट पर गिरी गाज
जांच के क्रम में उड़नदस्ता दल ने रवि जनरल स्टोर, संजय किराना स्टोर और बिहारी भोजनालय सहित अन्य प्रतिष्ठानों से अखाद्य रंगों से युक्त लगभग 10 किलोग्राम हल्दी पाउडर जब्त कर नष्ट कराया। वहीं कैलाश चाट भंडार, विक्की चाट स्टाल और पप्पन चाट भंडार में चाट को आकर्षक बनाने के लिए प्रतिबंधित रसायन 'मेटानिल येलो' का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 किलोग्राम दूषित चाट को तुरंत नष्ट करवा दिया।
बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों को सख्त चेतावनी
निरीक्षण दल ने सुधीर होटल, शिवम मिष्ठान भंडार, श्री गणेश भोजनालय, बाबा बैद्यनाथ होटल, लक्ष्मी भोजनालय और टूरिस्ट राधा स्वामी भोजनालय में साफ-सफाई व गुणवत्ता का जायजा लिया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने व्यवसायियों को चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के खाद्य कारोबार करने पर कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही मेला क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों के क्रय-विक्रय पर 'कोटपा 2003' के तहत दंडात्मक कार्रवाई की हिदायत दी गई।
आज लगेगा एक दिवसीय स्पेशल लाइसेंस शिविर
व्यापारियों की सुविधा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शनिवार, 8 अगस्त 2026 को कोठिया मोड़ क्षेत्र में एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है, जहाँ खाद्य कारोबारी अपना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन प्राप्त कर सकते हैं।
इस सघन जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चन्द्र गुग्गी, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली बिवा मिंज सहित पुलिस बल और विभागीय कर्मी मुख्य रूप से शामिल रहे।
………………………………………………………………..
Shravani Mela 2026, Deoghar Food Safety Inspection, Deoghar News, Food Safety Department Jharkhand, Kotpa Act Deoghar, Saurabh Kumar Bhuwania, Deoghar Hotel Inspection
