देवघर श्रावणी मेला 2026: सूचना सह सहायता केंद्र की मुस्तैदी से 1.5 साल के मासूम समेत 2 बच्चे सुरक्षित परिजनों से मिले। परिजनों ने जताया प्रशासन का आभार।

  • बोलने में असमर्थ मासूम को खिजुरिया केंद्र ने परिजनों को सौंपा
  • बाबा मंदिर केंद्र के प्रयास से पिता सुनील कुमार से मिली बच्ची वर्षा


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 में देवघर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित सूचना सह सहायता केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बड़ा संबल साबित हो रहे हैं। मेला क्षेत्र में लाखों की भीड़ के बीच बिछड़ने वाले लोगों को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलाने में ये केंद्र लगातार अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में बिछड़े बच्चों को तत्परता दिखाते हुए उनके परिजनों से सकुशल मिलाया गया।

 

बोलने में असमर्थ 1.5 साल के मासूम को मिलाया

 

पहला मामला खिजुरिया सूचना सह सहायता केंद्र का है, जहाँ महज डेढ़ साल का एक बच्चा भीड़ में परिवार से छूट गया। बच्चा अत्यंत छोटा और बोलने में असमर्थ था, जिससे परिजनों का पता लगाना कठिन हो रहा था। केंद्र में तैनात कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घोषणाओं और छानबीन के जरिए परिजनों को खोज निकाला। गहन जांच-पड़ताल और पहचान की पुष्टि के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।

 

बाबा मंदिर केंद्र से मिली बच्ची वर्षा

 

दूसरे मामले में बाबा मंदिर स्थित सूचना केंद्र की सजगता से परिजनों से बिछड़ी बच्ची वर्षा कुमारी को सुरक्षित खोज निकाला गया। केंद्र कर्मियों के प्रयास से बच्ची को उसके पिता सुनील कुमार को सौंप दिया गया।

 

परिजनों ने जताया आभार

 

अपने कलेजे के टुकड़ों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। संकट की घड़ी में जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, मुस्तैदी और बेहतर व्यवस्था के लिए दोनों पीड़ित परिवारों ने प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।

...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822