सोनपुर मंडल में टीटीई और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चलाया मेगा टिकट जांच अभियान। एक दिन में 3,393 यात्रियों पर कार्रवाई कर ₹30 लाख से अधिक जुर्माना वसूला।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना
पटना। भारतीय रेल के सोनपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। यात्रियों को सुरक्षित और नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा के उद्देश्य से सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान धड़ल्ले से चलाया जा रहा है।
इस कड़ी में 20 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेलवे टीटीई (TTE), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए केवल एक ही दिन में 3,393 मामलों का पर्दाफाश किया और ₹30,01,980 का जुर्माना वसूला।
हाजीपुर से बरौनी तक सघन चेकिंग अभियान
यह विशेष मेगा चेकिंग अभियान मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अमित सरन के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) श्री धीरज कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया। चेकिंग टीमों ने सोनपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया एवं नवगछिया में बिना टिकट यात्रियों की धर-पकड़ हुई।
इसके अलावा इन रूटों से गुजरने वाली विभिन्न एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों में औचक निरीक्षण कर बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की।
जुलाई माह में अब तक ₹3.67 करोड़ से अधिक का जुर्माना
सोनपुर मंडल द्वारा आंकड़े जारी करते हुए बताया गया कि चालू माह जुलाई में (20 जुलाई 2026 तक) कुल 41,948 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे रेलवे को ₹3,67,12,484 का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ है।
वही, अगर चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की बात करें, तो मंडल ने अब तक कुल 2,67,031 मामलों पर कार्रवाई करते हुए ₹19,17,57,846 का रेल राजस्व अर्जित किया है।
रेलवे प्रशासन की अपील:
रेल प्रशासन ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के सफर करने पर रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सोनपुर मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
.............................................................................................................................
सोनपुर मंडल टिकट चेकिंग, बिना टिकट यात्री जुर्माना, सोनपुर रेल मंडल, कंचन क्रांति न्यूज़, Sonpur Railway Division Ticket Checking, Hajipur Barauni Ticket Fine
