24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी नागार्जुन और तब्बू की फिल्म, महान्थी झांसी रानी के किरदार में नजर आएंगी अभिनेत्री

कंचन क्रांति न्यूज, मुंबई।

अभिनेत्री तब्बू एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को प्रभावित करने के लिए तैयार हैं। नागार्जुन अक्किनेनी के साथ उनकी आगामी फिल्म ‘किंग100’ से उनका नया अंदाज सामने आया है। फिल्म के निर्माताओं ने अभिनेत्री के जन्मदिन (4 नवंबर 2026) के खास अवसर पर उनके किरदार महान्थी झांसी रानी की पहली झलक जारी की। इस झलक में तब्बू एक प्रभावशाली और मजबूत राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में दिखाई दे रही हैं।

फिल्म में तब्बू का किरदार काफी अहम और दिलचस्प बताया जा रहा है। जारी किए गए पोस्टर और पहली झलक में वह शपथ लेती नजर आती हैं। उनका गंभीर अंदाज, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व किरदार की राजनीतिक ताकत और रुतबे को दर्शाता है। तब्बू की स्क्रीन प्रेजेंस इस किरदार को खास बना रही है। शुरुआती झलक से संकेत मिलता है कि महान्थी झांसी रानी एक ऐसी शख्सियत हैं, जो अपनी मेहनत, क्षमता और फैसले लेने की ताकत के दम पर मुकाम हासिल करने में विश्वास रखती हैं।

फिल्म का निर्देशन और लेखन आर.ए. कार्तिक ने किया है, जबकि इसका निर्माण अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले हुआ है। फिल्म में नागार्जुन अक्किनेनी और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। दोनों कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

तकनीकी पक्ष की बात करें तो फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद ने तैयार किया है। राजा महादेवन ने सिनेमैटोग्राफी, नवीन नूली ने एडिटिंग और सतीश कुमार एन. ने प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है।

‘किंग100’ आगामी 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। तब्बू के नए राजनीतिक अवतार और नागार्जुन के साथ उनकी जोड़ी को लेकर फिल्म प्रेमियों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। अब दर्शकों की नजर फिल्म के ट्रेलर और इसके अन्य किरदारों की झलक पर रहेगी।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822